खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ (सीजन-4) के तहत साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुक्रवार को आगाज हुआ। मोहाली के सेक्टर-78 स्थित खेल परिसर में विधायक मोहाली कुलवंत सिंह और विधायक डेराबस्सी कुलजीत सिंह रंधावा ने संयुक्त रूप से खेलों का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के दौरान विधायकों ने कहा कि ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ पंजाब की युवा पीढ़ी को खेलों से जोड़ने और खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए सरकार की प्रमुख पहल है। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए खिलाड़ियों को जिला और राज्य स्तर से आगे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है।

युवाओं को खेलों से जोड़ने पर जोर

विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर जोर दे रही है। उन्होंने बताया कि इन खेलों में अंडर-14 वर्ग से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी भी हिस्सा ले सकते हैं। विजेता खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले पंजाब के खिलाड़ियों को तैयारी के लिए आर्थिक सहायता देने की पहल भी की गई है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां देने की नीति भी लागू की जा रही है।

3100 से अधिक ग्रामीण खेल मैदानों का दावा

विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और खेल बुनियादी ढांचे पर भी ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में 3100 से अधिक ग्रामीण खेल मैदान बनाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देना है।

24 खेलों में होंगे मुकाबले

जिला स्तरीय ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ के मुकाबले 2 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे।

इनमें क्रिकेट, शूटिंग, एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, रोलर स्केटिंग, फेंसिंग, जूडो, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग, किक बॉक्सिंग, तैराकी, गतका, शतरंज, हॉकी, हैंडबॉल, फुटबॉल, लॉन टेनिस और वेटलिफ्टिंग सहित विभिन्न खेल शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह में जिम्नास्टिक और गतका टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी उमेश्वरी शर्मा, कुलदीप सिंह समाना, वरिष्ठ डिप्टी मेयर राजिंदर प्रसाद शर्मा, डिप्टी मेयर हरपाल सिंह चन्ना सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी, नेता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

विधायकों ने लोगों, स्कूली बच्चों और खेल प्रेमियों से ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

Related Posts