श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार के विशेष आयोजनों के तहत डेरा बस्सी के सरकारी कॉलेज में बुधवार देर शाम भव्य ड्रोन शो आयोजित किया गया। एक साथ उड़ाए गए 500 ड्रोन ने रात के आसमान को रोशनी से जगमगा दिया।

ड्रोन के जरिए श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, वाणी, विचारधारा और दर्शन को अलग-अलग आकृतियों और रोशनी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। शो देखने के लिए बड़ी संख्या में संगत पहुंची और लोगों ने इस अनोखे कार्यक्रम का आनंद लिया।

कार्यक्रम में डेरा बस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा, एसडीएम डेरा बस्सी अमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।

युवा पीढ़ी को गुरु साहिब की विचारधारा से जोड़ने की कोशिश

विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से खासकर युवाओं को गुरु साहिब की महान विचारधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

रंधावा ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की वाणी मानवता को समानता, भाईचारे, मेहनत और अच्छे आचरण का संदेश देती है। उनकी शिक्षाएं जात-पात और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समानता और भाईचारे का रास्ता दिखाती हैं।

650वें प्रकाश पर्व के लिए 100 करोड़ से ज्यादा का बजट

विधायक ने बताया कि पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित एक साल तक चलने वाले कार्यक्रमों के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा है। इन आयोजनों का उद्देश्य गुरु साहिब के संदेश को नई पीढ़ी तक आधुनिक माध्यमों से पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान भाई मनजीत सिंह अंबाले वालों के रागी जत्थे ने कीर्तन प्रस्तुत किया। कीर्तन और ड्रोन शो के दौरान संगत ने श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

Related Posts