नई दिल्ली: पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ के लॉन्च समारोह में मौजूदगी ने पंजाब की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह पहली कतार में बैठे नजर आए। उनके साथ कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता भी मौजूद थे।

कैप्टन अमरिंदर सिंह की इस मौजूदगी के बाद राजनीतिक गलियारों में उनकी कांग्रेस में वापसी को लेकर अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, कैप्टन ने इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया कि यह एक निजी समारोह था और इसमें किसी तरह की राजनीति नहीं थी।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के साथ उनके पुराने पारिवारिक संबंध हैं। जब भी वह अपनी किताबें लॉन्च करते थे, सोनिया गांधी उन कार्यक्रमों में जरूर शामिल होती थीं। ऐसे में उनके लिए इस समारोह में शामिल होना स्वाभाविक था। उन्होंने सवाल किया कि एक निजी समारोह में राजनीति कहां से आ गई?

कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भी कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके परिवार के साथ पुराने संबंधों का जिक्र किया और कहा कि यहां कोई राजनीतिक चर्चा नहीं होगी।

दूसरी तरफ, कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाओं ने वापसी की अटकलों को और हवा दे दी। कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि अगर कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस में वापस आना चाहते हैं तो यह अच्छी बात होगी। वहीं, सलमान खुर्शीद ने भी कैप्टन की तारीफ करते हुए कहा कि उनके पार्टी में आने से कांग्रेस का भविष्य और शानदार हो सकता है।

फिलहाल कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी मौजूदगी को पुराने व्यक्तिगत रिश्तों से जोड़कर देखा है, लेकिन सोनिया गांधी की किताब लॉन्चिंग में उनकी उपस्थिति ने पंजाब की राजनीति में एक नई बहस जरूर छेड़ दी है। अब देखना होगा कि यह मुलाकात केवल पुराने रिश्तों तक सीमित रहती है या आने वाले दिनों में इसके कोई राजनीतिक मायने भी निकलते हैं

Related Posts