पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता की भलाई और पंजाब के विकास को प्राथमिकता बनाएगी। सरकार का चुनावी अभियान आम लोगों की जरूरतों और उनकी समस्याओं पर केंद्रित रहेगा। मुख्यमंत्री ने तरनतारन के गांव सभरा में आयोजित लोक मिलनी के दौरान यह बात कही।
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में पंजाब में नहरी पानी के इस्तेमाल को 22 प्रतिशत से बढ़ाकर 88 प्रतिशत तक पहुंचाया गया है। खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए करीब 14 हजार किलोमीटर भूमिगत पाइपलाइन बिछाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंजाब में रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा करना है, ताकि युवाओं को नौकरी के लिए विदेश न जाना पड़े। आम परिवारों के बच्चों को सिविल सेवा में आगे बढ़ाने के लिए मुफ्त UPSC कोचिंग सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे। इससे वे IAS और IPS अधिकारी बनने का सपना पूरा कर सकेंगे।
भगवंत मान ने माझा क्षेत्र के लोगों से 2027 में आम आदमी पार्टी को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि सख्त जागत जोत सत्कार संशोधन कानून लागू होने के बाद बेअदबी की कोई घटना सामने नहीं आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पंजाब की तरक्की, युवाओं के भविष्य और लोगों की खुशहाली के लिए लगातार काम कर रही है।


