पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि विपक्षी दल आम आदमी पार्टी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने के सपने देखना छोड़ दें। सरकार का खजाना हमेशा पंजाब के लोगों की भलाई के लिए खुला रहेगा। उन्होंने यह बात गुरदासपुर के गांव सोहल में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने जनता के पैसे का इस्तेमाल अपने फायदे के लिए किया, जबकि उनकी सरकार सरकारी खजाने का पैसा लोगों की सुविधाओं और विकास पर खर्च कर रही है। सरकार ने हर घर को मुफ्त बिजली, युवाओं को 72 हजार सरकारी नौकरियां और किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी सरकार के साथ खड़े हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर झाड़ू की लहर चलेगी। सरकार की नीयत साफ है और जनता के हित में काम लगातार जारी रहेंगे।

अकाली दल पर निशाना साधते हुए मान ने आरोप लगाया कि वह भाजपा के साथ गठबंधन करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा के शासन में किसान आंदोलन के दौरान 750 किसानों की जान गई, उसके साथ हाथ मिलाना किसानों के हितों के खिलाफ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य पंजाब के लोगों को बेहतर सुविधाएं देना और राज्य को आगे बढ़ाना है।

Related Posts