हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी में 1857 की क्रांति के वीर शहीदों की याद में बनाए गए शहीद स्मारक को जनता के लिए खोल दिया। स्मारक के उद्घाटन से पहले शहीदों की आत्मिक शांति के लिए हवन-यज्ञ किया गया।

अनिल विज ने कहा कि 1857 की पहली आजादी की लड़ाई में अनेक ऐसे वीरों ने बलिदान दिया, जिनका इतिहास में उचित उल्लेख नहीं हुआ। अंग्रेजों ने कई स्वतंत्रता सेनानियों को पेड़ों पर लटकाकर गोलियां मारीं और कुछ को कोल्हू में डालकर यातनाएं दीं। इन गुमनाम नायकों के बलिदान को याद रखना देश की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय तक 1857 की क्रांति के शहीदों के इतिहास को भुला दिया गया था। इसी कमी को दूर करने और आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान से परिचित कराने के लिए अंबाला छावनी में यह स्मारक बनाया गया है।

मंत्री ने बताया कि देश में यह अपनी तरह का विशेष स्मारक है, जहां 1857 की पहली आजादी की लड़ाई से जुड़े शहीदों को एक साथ दर्शाया गया है। स्मारक में प्रवेश के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है। 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक आम लोगों को निशुल्क प्रवेश मिलेगा।

Related Posts