पटियाला को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) की ओर से चलाए जा रहे मिशन क्लीन पटियाला के तहत अब तक 13.79 टन कचरा हटाया गया है। अभियान के दो चरण पूरे हो चुके हैं। इस दौरान 800 पौधे लगाए गए और 1,814 लोगों ने सफाई व पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लिया।

PPCB की चेयरपर्सन रीना गुप्ता और नगर निगम पटियाला की कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल ने अभियान की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक डैशबोर्ड लॉन्च किया। अब सफाई, पौधारोपण और जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाएगी।

अभियान में 50 से अधिक संस्थान शामिल हुए हैं और अब तक 72 गतिविधियां की जा चुकी हैं। इनमें स्कूल-कॉलेज, सरकारी संस्थान, एनजीओ और स्थानीय नागरिक भाग ले रहे हैं।

इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों के लिए ‘प्लास्टिक-फ्री लंच’ अभियान शुरू किया गया है। संस्थानों को लंच बॉक्स और इससे जुड़ी सामग्री में प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

PPCB हर तिमाही अभियान की समीक्षा करेगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले संस्थान को राज्य स्तरीय शहीद भगत सिंह पुरस्कार के लिए सिफारिश की जाएगी।

Related Posts