विदेश जाने और वहां नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं को जिला प्रशासन ने फर्जी वीजा और इमिग्रेशन एजेंसियों से सावधान रहने की सलाह दी है। जिला मजिस्ट्रेट श्री आदित्य डचालवाल ने आम लोगों, खासकर विदेश जाने के इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रहे विदेश में नौकरी और रेजिडेंस वीजा दिलाने के विज्ञापनों के झांसे में न आएं।
जिला मजिस्ट्रेट ने भारतीय दूतावास, अबू धाबी और भारतीय कॉन्सुलेट जनरल, दुबई एवं उत्तरी अमीरात की ओर से जारी एडवाइजरी का हवाला देते हुए बताया कि कुछ वीजा और इमिग्रेशन एजेंसियां भारत से बाहर, विशेष रूप से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में काम कर रही हैं। ये एजेंसियां सोशल मीडिया के माध्यम से तीसरे देशों में नौकरी और रेजिडेंस वीजा दिलाने के विज्ञापन देती हैं और आवेदकों से पैसे वसूलती हैं।
उन्होंने बताया कि कई मामलों में ऐसी एजेंसियां वादे के मुताबिक सेवाएं नहीं देतीं और पैसे वापस करने से भी इनकार कर देती हैं। इससे विदेश जाने के इच्छुक लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
सोशल मीडिया के विज्ञापनों पर न करें भरोसा
जिला मजिस्ट्रेट ने लोगों से अपील की कि किसी भी निजी वीजा एजेंसी पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा न करें। खासकर भारत से बाहर काम कर रही एजेंसियों के साथ लेन-देन करते समय अधिक सावधानी बरतें। जिस देश में जाने की योजना है, वहां के वीजा नियमों, आवेदन प्रक्रिया और रोजगार या रेजिडेंस वीजा से जुड़ी जानकारी संबंधित देश के दूतावास या कॉन्सुलेट से सीधे प्राप्त करें।
वीजा की गारंटी देने का अधिकार किसी एजेंसी के पास नहीं
जिला मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि कोई भी एजेंसी वीजा मिलने की गारंटी नहीं दे सकती। वीजा जारी करने या आवेदन खारिज करने का अधिकार केवल संबंधित देश की सरकार के पास होता है। इसलिए वीजा मंजूर करवाने का दावा करने वाली एजेंसियों को ऐसे वादों के आधार पर पैसे देने से बचें।
उन्होंने यह भी कहा कि वीजा से जुड़ी सही और ताजा जानकारी के लिए केवल संबंधित देश की सरकारी वेबसाइटों या दूतावासों की आधिकारिक वेबसाइटों का ही इस्तेमाल करें। किसी तीसरे पक्ष के सोशल मीडिया पेज या अन्य अनधिकृत स्रोतों पर निर्भर न रहें।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि विदेश जाने की प्रक्रिया शुरू करने से पहले पूरी जानकारी और दस्तावेजों की जांच जरूर करें, ताकि वे किसी भी तरह की धोखाधड़ी का शिकार होने से बच सकें


