हरियाणा विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में बुधवार को दिवंगत नेताओं, पूर्व विधायकों और प्रदेश के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान सदन में शोक प्रस्ताव पारित कर शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में शोक प्रस्ताव पढ़े। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने भी अपने-अपने दलों की ओर से दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी।
सदन ने पूर्व मंत्री फूल चंद मुलाना के निधन पर दुख जताया। उनका निधन 20 नवंबर 2026 को हुआ था। इसके अलावा पूर्व विधायक सतविन्द्र सिंह के निधन पर भी शोक व्यक्त किया गया।
विधानसभा ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले हरियाणा के 24 वीर सैनिकों को भी नमन किया। सदन में विधायक पूजा के ससुर, भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौसी शांति देवी और विधायक रणधीर पनिहार की बुआ मरमण देवी के निधन पर भी संवेदना जताई गई।
अंत में सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और उनके परिवारों को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की प्रार्थना की।


