मोहाली, 26 नवंबर: खरड़ शहर के लोगों को जल्द ही कजौली वाटर वर्क्स से पीने के पानी की सप्लाई मिलने की उम्मीद है। पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी ने इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर आदित्य डचलवाल के साथ डीसी कार्यालय में विशेष बैठक की। बैठक में खरड़ हलके में पीने के पानी की सप्लाई बेहतर बनाने और चल रहे व प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कजौली वाटर वर्क्स से खरड़ शहर को पीने का पानी उपलब्ध करवाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान बताया गया कि कजौली वाटर वर्क्स से खरड़ शहर में जल्द ही पानी की सप्लाई शुरू की जाएगी। इससे शहर में पीने के पानी की उपलब्धता बेहतर होगी और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा बैठक में खरड़ हलके के विभिन्न इलाकों में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति और लोगों को पेश आ रही समस्याओं पर चर्चा हुई। संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को तय समय में पूरा करने और लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए जरूरी कदम उठाने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस मौके पर परमिंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि खरड़ हलके का सर्वपक्षीय विकास और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कजौली वाटर वर्क्स से खरड़ शहर को जल्द पानी की सप्लाई शुरू होने से शहरवासियों को पीने के पानी की सुविधा में सुधार मिलेगा। यह शहर के विकास और लोगों की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर आदित्य डचलवाल, एसडीएम खरड़ गुरमीत सिंह, नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) अशोक पथरिया सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


