वन्यजीवों की सुरक्षा और तस्करी पर रोक लगाने के लिए वनतारा ने मेडागास्कर सरकार के साथ 10 साल का समझौता किया है। इसके तहत विदेशों में पकड़े गए मेडागास्कर के वन्यजीवों को वापस उनके देश पहुंचाने, इलाज कराने और अनुकूल परिस्थितियों में प्राकृतिक आवास में छोड़ने में मदद की जाएगी।
इस समझौते के तहत वनतारा वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित परिवहन और वैज्ञानिक अनुसंधान में सहयोग करेगा। साथ ही मेडागास्कर के स्थानीय वन्यजीव विशेषज्ञों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे अपने देश की दुर्लभ प्रजातियों की बेहतर देखभाल कर सकें। वहां राष्ट्रीय वन्यजीव बचाव और पुनर्वास केंद्र बनाने में भी सहयोग की संभावना है।
मेडागास्कर में वन्यजीवों के सामने प्राकृतिक आवास खत्म होने और अवैध तस्करी जैसी गंभीर चुनौतियां हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के अनुसार, वहां पाई जाने वाली लीमर की करीब 90 प्रतिशत प्रजातियां विलुप्त होने के खतरे का सामना कर रही हैं।
वनतारा के सीईओ विवान करानी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य दुर्लभ प्रजातियों को उनके प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित रखना और स्थानीय संरक्षण संस्थाओं को मजबूत बनाना है। वन्यजीवों को वापस जंगल में छोड़ने का अंतिम निर्णय मेडागास्कर सरकार ही लेगी।


