आई जे डोडा फाउंडेशन की ओर से स्कूल ऑफ एमिनेंस, फेज-11, मोहाली में ‘कैरी ग्रीन’ अभियान का समापन किया गया। पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम (EEP) 2026-27 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने के प्रति जागरूक किया गया।

आई जे डोडा फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं पर्यावरणविद् जॉनिता डोडा ने इस अवसर पर पर्यावरण जागरूकता सत्र आयोजित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि अपने दैनिक जीवन में भी बदलाव लाना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करने की अपील की।

कार्यक्रम में डॉ. रति अरोड़ा, असिस्टेंट प्रोफेसर, एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर विमेन, चंडीगढ़ ने हस्तकौशल कार्यशाला आयोजित की। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों को पुराने कपड़ों और बेकार कपड़े के टुकड़ों से दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले थैले बनाना सिखाया गया। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ इस गतिविधि में हिस्सा लिया। उनकी रचनात्मकता के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।

जॉनिता डोडा ने पर्यावरण संबंधी चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन और जल संरक्षण पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए वैज्ञानिक जानकारी को आम लोगों तक पहुंचाना और सामूहिक प्रयास करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एसएएस नगर प्रेम कुमार मित्तल, स्कूल की प्रधानाचार्य नीतू कंबोज और विद्यालय के स्टाफ का कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने पंजाब राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय का भी धन्यवाद किया।

इस अवसर पर आई जे डोडा फाउंडेशन के संस्थापक ट्रस्टी जसविंदर डोडा और हरशदीप डोडा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि ‘कैरी ग्रीन’ अभियान का उद्देश्य लोगों को प्लास्टिक के विकल्प अपनाने, पुराने सामान का दोबारा उपयोग करने और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। आई जे डोडा फाउंडेशन शिक्षा और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

Related Posts