हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित हरियाणा का सपना तभी पूरा होगा, जब पंचायतें सक्षम और नगरपालिकाएं जवाबदेह बनेंगी। राज्य सरकार का लक्ष्य स्थानीय निकायों को अधिक अधिकार देने के साथ उनकी कार्यक्षमता और आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है, ताकि गांवों और शहरों का विकास स्थानीय स्तर पर बेहतर तरीके से हो सके।

मुख्यमंत्री ने पंचायतों को अपनी खाली जमीन, तालाबों और अन्य सामुदायिक संपत्तियों का बेहतर इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इन संपत्तियों को आय का स्थायी साधन बनाया जाना चाहिए, जिससे पंचायतों को विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त धन मिल सके।

सरकार स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मैचिंग ग्रांट भी देगी। इसके तहत पंचायत या नगरपालिका अपने स्तर पर जितने अतिरिक्त संसाधन जुटाएगी, सरकार उतनी ही राशि अपनी ओर से उपलब्ध कराएगी। इससे स्थानीय संस्थाओं को आय बढ़ाने और विकास कार्यों में तेजी लाने का प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पेयजल आपूर्ति और अग्निशमन जैसी सेवाएं चरणबद्ध तरीके से स्थानीय निकायों को सौंपी जाएंगी। इससे गांवों और शहरों में लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। सरकार का प्रयास है कि स्थानीय संस्थाएं जिम्मेदारी के साथ काम करें और विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे।

Related Posts