हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरी मानवता को सही रास्ता दिखाती हैं। उनके विचार आज भी समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का संदेश देते हैं। मुख्यमंत्री ने यह बात श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर यमुनानगर के कपालमोचन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश देकर जीवन जीने का सरल और सच्चा रास्ता बताया। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए और समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्राइन बोर्ड को धर्मशालाओं के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। समारोह में ड्रोन, लाइट एंड साउंड शो के जरिए हरियाणा की गौरवशाली विरासत और सिख इतिहास को दिखाया गया। इसमें गुरु नानक देव जी के संदेश, गुरु गोबिंद सिंह जी के कपालमोचन में 52 दिनों के प्रवास और बाबा बंदा सिंह बहादुर के शौर्य को प्रदर्शित किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1984 के दंगों में जान गंवाने वाले 121 सिख परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र में प्रदेश का पहला सिख संग्रहालय बनाया जा रहा है। वहीं, लौहगढ़ में 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक और थीम पार्क का निर्माण हो रहा है।

Related Posts