Tamil Nadu सरकार सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले नवजात बच्चों को 1 ग्राम सोने की अंगूठी देने की योजना शुरू करने जा रही है। ‘थाईमामन थंगा मोथिरम योजना’ के तहत पात्र बच्चों को 22 कैरेट सोने की अंगूठी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय 28 सितंबर 2026 को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में इस योजना की औपचारिक शुरुआत करेंगे। इस दौरान वह 25 नवजात बच्चों को सोने की अंगूठियां देकर योजना की शुरुआत करेंगे और अस्पताल के प्रसूति वार्ड का दौरा भी करेंगे।
किन बच्चों को मिलेगा सोने का तोहफा?
इस योजना के तहत तमिलनाडु के सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को एक ग्राम वजन की सोने की अंगूठी दी जाएगी। योजना का लाभ पाने के लिए मां का तमिलनाडु की स्थायी निवासी होना जरूरी है। इसके अलावा लाभार्थियों का पंजीकरण संबंधित सरकारी स्वास्थ्य रिकॉर्ड में होना आवश्यक है।
सरकार के अनुसार, इस योजना के तहत 22 जून 2026 से सरकारी अस्पतालों में जन्मे बच्चों को भी लाभ मिलेगा। योजना लागू होने के बाद पात्र परिवारों को अस्पताल से छुट्टी के समय अंगूठी देने की व्यवस्था की गई है।
1.28 लाख सोने की अंगूठियां तैयार
तमिलनाडु सरकार ने योजना के पहले चरण के लिए 1.28 लाख सोने की अंगूठियां खरीदी हैं। इन्हें राज्य के विभिन्न केंद्रों के जरिए पात्र बच्चों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
सरकार ने इस योजना के लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। योजना का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ाने के साथ नवजात बच्चे के जन्म को यादगार बनाना भी बताया गया है।


