पंजाब में छठ पूजा को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रशासन को सभी जरूरी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में छठ पूजा के लिए 104 स्थानों की पहचान की गई है। इन सभी जगहों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पूजा स्थलों पर साफ पानी, उचित घाट, सफाई, रोशनी और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बड़े शहरों में घाटों को बेहतर तरीके से तैयार किया जाए, ताकि श्रद्धालु आसानी से पूजा कर सकें।

भगवंत मान ने कहा कि महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। जलाशयों के आसपास सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, रस्सियों और पुलिसकर्मियों की व्यवस्था की जाए। जरूरत के अनुसार लाइफगार्ड भी तैनात किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी जरूरत के अनुसार तैनात रहें। सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें और अधिकारी खुद व्यवस्थाओं की निगरानी करें।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि श्रद्धालु छठ पूजा का पर्व बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्ण माहौल में मना सकें।

Related Posts