पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब को स्वच्छ भारत मिशन के तहत राज्य का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया।
हरजोत सिंह बैंस ने इस सम्मान को श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी वर्ष के दौरान की गई सेवा का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि शहर के हर नागरिक, सफाई कर्मचारी, नगर परिषद अधिकारियों और स्वयंसेवकों की मेहनत का नतीजा है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के दसवें संस्करण में देश के 4,751 से अधिक शहरी स्थानीय निकायों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 63 निकायों को बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए सम्मानित किया गया।
मंत्री ने बताया कि श्री आनंदपुर साहिब की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। इसलिए शहर की सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों और नगर परिषद की टीम की मेहनत की सराहना करते हुए लोगों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पंजाब के लिए गर्व की बात है।


