अमृतसर: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती के अवसर पर पंजाब के सेवानिवृत्त विशेष मुख्य सचिव और पूर्व डिप्टी कमिश्नर अमृतसर कर्ण बीर सिंह सिद्धू ने SGPC से श्री दरबार साहिब स्थित केंद्रीय सिख संग्रहालय में डॉ. मनमोहन सिंह का चित्र लगाने के फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है।
सिद्धू ने कहा कि SGPC की कार्यकारिणी ने 13 मई 2025 को केंद्रीय सिख संग्रहालय में डॉ. मनमोहन सिंह का चित्र लगाने को मंजूरी दी थी। हालांकि, विभिन्न आपत्तियों के बाद 23 मई 2025 को इस फैसले को रोक दिया गया था। उस समय SGPC की ओर से मामले पर भविष्य की कार्यकारिणी बैठक में पुनर्विचार करने की बात कही गई थी।
उन्होंने कहा कि अब इस मामले में लंबे समय से कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। ऐसे में SGPC को अपने पहले के फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए।
‘मनमोहन सिंह स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स’ का सुझाव
कर्ण बीर सिंह सिद्धू ने एक वैकल्पिक सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि यदि केंद्रीय सिख संग्रहालय में चित्र लगाने को लेकर कोई आपत्ति बनी रहती है तो SGPC की श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी, फतेहगढ़ साहिब में ‘मनमोहन सिंह स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स’ स्थापित करने पर विचार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इससे डॉ. मनमोहन सिंह के आर्थिक और शैक्षणिक योगदान को याद करने के लिए एक संस्थागत पहल की जा सकती है।
SGPC के आम चुनाव कराने की भी मांग
सिद्धू ने SGPC के लंबित आम चुनाव जल्द कराने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि संस्था की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए चुनाव कराना जरूरी है।
गौरतलब है कि मई 2025 में SGPC की कार्यकारिणी ने डॉ. मनमोहन सिंह सहित कई व्यक्तियों के चित्र केंद्रीय सिख संग्रहालय में लगाने को मंजूरी दी थी। इसके बाद विभिन्न समूहों की आपत्तियों के चलते SGPC ने डॉ. सिंह के चित्र का मामला फिलहाल रोक दिया था।


