कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए राहुल गांधी की ‘यूज एंड थ्रो पॉलिसी’ पर सवाल उठाया।

बिट्टू के इस बयान पर राजा वड़िंग ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सिर्फ उनके नेता नहीं हैं, बल्कि पूरे देश के नेता हैं और देश के बहुत से लोगों की उम्मीदें उनसे जुड़ी हैं।

राजा वड़िंग ने कहा, “मैं आपकी तरह मौकापरस्त नहीं हूं। मैं पार्टी का वफादार सिपाही हूं। मैं हमेशा राहुल गांधी के साथ खड़ा रहा हूं, चाहे अच्छा वक्त हो या बुरा, और आगे भी खड़ा रहूंगा।”

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उनके हर अच्छे और बुरे वक्त में उनके साथ खड़े रहे हैं। वड़िंग ने रवनीत बिट्टू को याद दिलाते हुए कहा कि राहुल गांधी ने उनके ऊपर भी भरोसा किया और मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया, इसलिए उस भरोसे के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहिए।

राजा वड़िंग ने बिट्टू को सीधी नसीहत देते हुए कहा, “रवनीत बिट्टू, आपने गलत जगह पंगा ले लिया है।”

दरअसल, राजा वड़िंग के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कुछ नेता और समर्थक उनके फैसले पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ उनके समर्थन में सामने आए हैं।

अब कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चा तेज हो गई है। देखना होगा कि पार्टी की कमान अब किस नेता को सौंपी जाती है।

Related Posts