हरियाणा सरकार ने पंचकूला के पैट एनिमल मेडिकल सेंटर को आधुनिक बनाने की मंजूरी दी है। इससे पालतू और घायल पशुओं को बेहतर इलाज, जांच और आपातकालीन सेवाएं मिल सकेंगी।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अस्पताल के सुधार से जुड़े कई फैसले लिए गए। यहां हृदय की जांच के लिए ईसीजी मशीन और विभिन्न संक्रमणों की तुरंत जांच करने की सुविधा शुरू होगी। अस्पताल की मरम्मत के साथ पशुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए लिफ्ट भी लगाई जाएगी।

करीब 25 लाख रुपये की लागत से आधुनिक पशु एम्बुलेंस खरीदी जाएगी। इसमें ऑक्सीजन, प्राथमिक उपचार, स्ट्रेचर और जरूरी निगरानी उपकरण होंगे। बेहतर सेवाओं के संचालन के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई है।

पशुपालन विभाग के अनुसार, वर्ष 2025-26 में केंद्र में 24,401 मरीजों का इलाज किया गया। इस दौरान प्रयोगशाला और एक्स-रे जांच की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई।

चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अगस्त 2026 तक यहां 11,106 बाह्य रोगी मामले दर्ज हुए और 101 सर्जरी की गईं।

सरकार की इस पहल से हरियाणा और आसपास के राज्यों से आने वाले पशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

Related Posts