पंजाब सरकार ने किसानों की समस्याओं के समाधान और उनकी आय बढ़ाने के लिए जरूरी कदम उठाने का भरोसा दिया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने किसानों की जायज मांगों पर तय समय में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने गन्ने का राज्य सहमत मूल्य (SAP) 416 रुपये से बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इसमें 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में गन्ने का यह भाव पूरे देश में सबसे अधिक है।
बैठक के दौरान किसान संगठन ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें मंत्री के सामने रखीं। खुड्डियां ने संबंधित अधिकारियों को इन मुद्दों पर जरूरी कदम उठाने और प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए किसान संगठनों के साथ लगातार बातचीत कर रही है। सरकार का उद्देश्य खेती को लाभकारी बनाना, किसानों की आय बढ़ाना और उनकी परेशानियां कम करना है।
बैठक में सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


