पंजाब सरकार ने राज्य की सभी पंजीकृत गौशालाओं को आर्थिक सहायता देने का बड़ा फैसला किया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रदेश की 520 गौशालाओं के लिए 100 करोड़ रुपये की एकमुश्त ग्रांट मंजूर की है। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगले 2 से 3 दिनों में गौशालाओं के खातों में यह राशि भेज दी जाएगी।
अमन अरोड़ा के अनुसार, इस फैसले से करीब 2.20 लाख गोवंश को लाभ मिलेगा। गौशाला संचालक इस राशि का इस्तेमाल पशुओं के लिए पौष्टिक चारा, दवाइयां, इलाज और अन्य जरूरी सुविधाओं पर कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पहली बार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की सभी पंजीकृत गौशालाओं को आर्थिक सहायता के दायरे में लाया गया है। इनमें 228 शहरी और 272 ग्रामीण गौशालाएं शामिल हैं। इसके अलावा 20 सरकारी कैटल पाउंड को भी सहायता मिलेगी।
मंत्री ने बताया कि सरकार पहले ही गौशालाओं के 100 करोड़ रुपये से अधिक के पुराने बिजली बिल माफ कर चुकी है। साथ ही सभी गौशालाओं को बिजली शुल्क से छूट दी गई है। यह फैसला गौशाला संचालकों और गोसेवा संगठनों की मांगों के बाद लिया गया है।


