हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीफ खरीद सीजन 2026 में मंडियों के अलावा भी खुले स्थानों की पहचान की जाए, जहां किसान अपनी फसल सुरक्षित रख सकें। इन जगहों पर सुरक्षा के लिए बाड़ लगाने सहित जरूरी इंतजाम किए जाएं। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण किसानों की फसल खराब नहीं होनी चाहिए। साथ ही मंडियों से फसल का उठान समय पर सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार फसल की सुरक्षा और उन्हें बेहतर सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को आपसी तालमेल से काम करने और खरीद व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसानों को फसल बेचने में परेशानी न हो और उन्हें लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल निर्धारित स्थानों पर ही उतारें और उसे इधर-उधर न रखें। इससे फसल सुरक्षित रहेगी और मंडियों में व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
बैठक में खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर, प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


