पंजाब में पटियाला जिले में नेशनल हाईवे के पुल के क्षतिग्रस्त होने की घटना के बाद सरकार ने राज्य के सभी पुलों की सुरक्षा जांच कराने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने PWD (B&R) के वरिष्ठ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाले सभी पुलों का निरीक्षण करने को कहा है।
मंत्री ने निर्देश दिए कि जांच के दौरान पुलों की नींव, पिलर, दीवारों और ऊपरी हिस्से की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए। कहीं दरार, टूट-फूट या अन्य नुकसान दिखाई देने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर तकनीकी संस्थानों और विशेषज्ञों की मदद से पुलों का विस्तृत सेफ्टी ऑडिट और जांच भी कराई जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को जांच रिपोर्ट तैयार करने और मरम्मत, मजबूतीकरण व नवीनीकरण के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री ने राज्य के हाईवे और लिंक रोड के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने SASCI, PMGSY और NABARD के तहत चल रहे प्रोजेक्ट तय समय में पूरे करने को कहा।
सर्दियों में कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए बाकी सड़कों पर लेन मार्किंग और जरूरी संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने बताया कि राज्य में 45 हजार किलोमीटर सड़कों के निर्माण और नवीनीकरण का काम चल रहा है।


