हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंचकूला के सेक्टर-10 स्थित सामुदायिक केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण सुना। इस दौरान उनके साथ जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के लिए सामुदायिक केंद्र में विशेष व्यवस्था की गई थी। मुख्यमंत्री ने सभी के साथ बैठकर प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों को सुना।

समाज में अच्छे काम करने वालों को मिलती है पहचान

‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री देश के लोगों से संवाद करते हैं। इसमें समाज में अच्छा काम करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं की कहानियां साझा की जाती हैं। साथ ही नए विचारों, सामाजिक बदलाव और जनहित से जुड़ी पहलों को भी सामने लाया जाता है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को प्रेरित करना और देश के विकास में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री के संदेशों को ध्यान से सुना।

कई प्रमुख लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. राज नेहरू, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, हरियाणा राज्य फार्मेसी काउंसिल के चेयरमैन बीबी सिंघल और शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवीनगर उपस्थित रहे।

इसके अलावा पार्षद भारत हितैषी, मंडल अध्यक्ष प्रमोद वत्स, मीडिया संपर्क प्रमुख प्रवीण अत्रे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Related Posts