हरियाणा के किसानों के लिए बागवानी से जुड़ी नई तकनीकें सीखने का मौका है। उद्यान प्रशिक्षण संस्थान, उचानी (करनाल) की ओर से नवंबर 2026 में अलग-अलग विषयों पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और अपनी आमदनी बढ़ाने में मदद करना है।
बागवानी विभाग के अनुसार, राज्य के सभी जिलों के इच्छुक किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। प्रशिक्षार्थियों का चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा।
इन विषयों पर मिलेगा प्रशिक्षण
2 से 6 नवंबर तक फल और सब्जियों के प्रसंस्करण, संरक्षण व मूल्यवर्धन पर 40 सीटों का प्रशिक्षण होगा। इसी अवधि में नर्सरी प्रबंधन से जुड़े विषय पर 20 सीटों का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इनके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 1 नवंबर है।
23 से 27 नवंबर तक सब्जियों और फूलों की संरक्षित खेती तथा पॉलीहाउस के रखरखाव पर 40 सीटों का प्रशिक्षण होगा। इसके लिए 22 नवंबर तक आवेदन किया जा सकता है।
वहीं, 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक फल उत्पादन तकनीकों पर 40 सीटों और नर्सरी प्रबंधन पर 20 सीटों का प्रशिक्षण आयोजित होगा। फल उत्पादन कार्यक्रम के लिए 22 नवंबर तक और नर्सरी प्रबंधन के लिए 29 नवंबर तक पंजीकरण कराया जा सकता है।
आवेदन और जरूरी जानकारी
इच्छुक किसान उद्यान विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान रहने और खाने की व्यवस्था निशुल्क होगी। बस किराया डीबीटी के माध्यम से दिया जाएगा। प्रशिक्षार्थियों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पैन कार्ड साथ लाने होंगे। पहले समान विषय पर प्रशिक्षण ले चुके किसान दोबारा उसी विषय के लिए पंजीकरण न करें।
अधिक जानकारी के लिए 8570077877 या टोल फ्री नंबर 18001802021 पर संपर्क किया जा सकता है।


