पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार की नहरी सिंचाई योजना से किसानों को फायदा मिल रहा है। सरकार ने खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए 14,000 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई है। इससे करीब 80 प्रतिशत कृषि क्षेत्र को नहरी पानी मिल रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, अब खेतों तक करीब 18,000 क्यूसेक नहरी पानी पहुंच रहा है। इससे किसानों की भूजल पर निर्भरता कम करने और फसलों की पैदावार बढ़ाने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि कुछ क्षेत्रों में धान की पैदावार करीब 90 मन प्रति एकड़ तक पहुंचने की जानकारी मिली है।

मान ने कहा कि वर्ष 2022 में नहरी पानी के इस्तेमाल का स्तर करीब 22 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। सरकार के प्रयासों से भूजल स्तर में चार मीटर तक सुधार होने की बात भी सामने आई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन गांवों में दशकों से नहरी पानी नहीं पहुंचा था, वहां भी अब सिंचाई की सुविधा मिलने लगी है। सरकार अगले चरण में 6,000 किलोमीटर अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब के हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाना और भूजल का संरक्षण करना है, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए गहरे ट्यूबवेल पर निर्भर न रहना पड़े।

Related Posts