हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था शुरू की गई है। प्रदेश के 610 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में अब UPI से भुगतान किया जा सकेगा। वहीं, 118 स्वास्थ्य संस्थानों में बिना लंबी कतार में लगे ओपीडी पंजीकरण की सुविधा भी शुरू हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य मरीजों का समय बचाना और अस्पतालों में पंजीकरण व भुगतान की प्रक्रिया आसान बनाना है।
23 जिला अस्पतालों समेत 610 संस्थानों में सुविधा
इस व्यवस्था में 23 जिला नागरिक अस्पताल, 52 नागरिक एवं उप-जिला अस्पताल, 121 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 414 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। मरीज ओपीडी, आईपीडी और अन्य निर्धारित शुल्क का भुगतान UPI के जरिए कर सकेंगे।
घर बैठे भी करा सकेंगे ओपीडी पंजीकरण
ई-उपचार प्रणाली से जुड़े अस्पतालों में मरीज घर से ही ऑनलाइन ओपीडी पंजीकरण करा सकेंगे। ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने वाले मरीजों को तय तारीख और समय पर अस्पताल पहुंचना होगा। इसके अलावा, 118 स्वास्थ्य संस्थानों में ‘स्कैन एंड रजिस्टर’ सुविधा शुरू की गई है, जिससे पंजीकरण की कतारों से राहत मिलेगी।
डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट किया कि डिजिटल सुविधा के साथ नकद भुगतान और अस्पताल में सीधे पंजीकरण का विकल्प भी जारी रहेगा। स्मार्टफोन नहीं रखने वाले मरीज भी पहले की तरह सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
पानीपत के जिला नागरिक अस्पताल में सफल परीक्षण के बाद यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू की गई है। विभाग का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है।


