मोहाली में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को आने-जाने में सुविधा देने के लिए सेक्टर-74 (फेज-8) और सेक्टर-75 (8बी) को जोड़ने वाली सड़क का नवीनीकरण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर 3.20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। करीब 1.36 किलोमीटर लंबी इस सड़क को नए डिजाइन और आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की योजना है। निर्माण कार्य नगर निगम की ओर से करवाया जाएगा।

विधायक कुलवंत सिंह के प्रयासों से होने वाले इस प्रोजेक्ट के तहत मौजूदा सड़क की बनावट में बदलाव किया जाएगा। अभी यह सड़क 32 फुट चौड़ी है और सिंगल कैरिजवे के रूप में इस्तेमाल हो रही है। नवीनीकरण के बाद सड़क के बीच में सेंट्रल वर्ज बनाया जाएगा और इसके दोनों तरफ 22-22 फुट चौड़ी सड़कें तैयार की जाएंगी।

सड़क के दोनों तरफ बनेंगे फुटपाथ, रात में भी मिलेगी बेहतर सुविधा

इस प्रोजेक्ट में वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी, ताकि रात के समय लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।

विधायक कुलवंत सिंह ने बताया कि सेक्टर-74 और सेक्टर-75 को जोड़ने वाला यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। शहर में बढ़ती जरूरतों को देखते हुए सड़कों को बेहतर और व्यवस्थित बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मोहाली के विभिन्न इलाकों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

3.20 करोड़ का प्रोजेक्ट, दोनों सेक्टरों को मिलेगा फायदा

इस सड़क का नवीनीकरण पूरा होने के बाद सेक्टर-74 और सेक्टर-75 के निवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है। सेंट्रल वर्ज, चौड़ी सड़कें, फुटपाथ और स्ट्रीट लाइटें इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होंगी। इससे इलाके के सड़क बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।

इस मौके पर मेयर सरबजीत सिंह समाना, सीनियर डिप्टी मेयर आर.पी. शर्मा, डिप्टी मेयर हरपाल सिंह चन्ना, पार्षद हरपाल सिंह बराड़, कुलदीप सिंह समाना, मोहाली इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रधान अशोक गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related Posts