पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत देते हुए 10 लाख नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने का ऐलान किया है। इन परिवारों को हर महीने 5 किलो मुफ्त गेहूं के साथ ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत राशन किट भी मिलेगी। इसमें दाल, चीनी, नमक, हल्दी और सरसों का तेल शामिल होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए राशन कार्ड बिना किसी सिफारिश या भेदभाव के पूरी पारदर्शी प्रक्रिया के तहत बनाए गए हैं। विधवाओं, दिहाड़ी मजदूरों, अनुसूचित जाति के परिवारों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को इसमें प्राथमिकता दी गई है। करीब 4 लाख मजदूर परिवार भी नए लाभार्थियों में शामिल हैं।

भगवंत मान ने बताया कि केंद्र की ओर से पंजाब के लिए निर्धारित 1.48 करोड़ राशन कार्डों में से करीब 10 लाख कार्ड पहले रद्द हो गए थे। ऐसे पात्र परिवारों को दोबारा योजना से जोड़ने के लिए नए कार्ड जारी किए गए हैं।

सरकार नए राशन कार्ड लाभार्थियों के घर तक पहुंचाएगी। वहीं, गलत पते की जानकारी देने वाले करीब 1.25 लाख लोगों को विवरण ठीक करने का अवसर मिलेगा। जिन परिवारों के अंक पहली सूची में तय मानकों से कम रहे हैं, उन्हें दूसरी चरण की प्रक्रिया के लिए प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से राशन डिपो पर मोबाइल संदेश दिखाकर राशन किट लेने और मुफ्त गेहूं का लाभ पाने के लिए ई-केवाईसी पूरी करने की अपील की।

Related Posts