हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अश्विन नवरात्र के पहले दिन अपनी पत्नी सुमन सैनी के साथ पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की यज्ञशाला में हवन भी किया और प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का उद्घाटन किया। यहां 20 प्रशिक्षित जवान चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तैनात रहेंगे। उन्हें अलग वर्दी दी गई है, ताकि श्रद्धालु आसानी से पहचान सकें। जवानों को लोगों से बेहतर संवाद करने और उनकी समस्याओं को समझने का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
मंदिर परिसर में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी इसी पुलिस पोस्ट के नियंत्रण कक्ष से की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
रक्तदान को बताया महादान
मुख्यमंत्री रक्तदान शिविर में भी पहुंचे और रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से इस नेक काम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।


