हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने नवरात्रों के दौरान कुट्टू के आटे और व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को दुकानों का नियमित निरीक्षण करने, नमूने लेने और गड़बड़ी मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
विभाग के आयुक्त डॉ. मनोज कुमार ने भी अधिकारियों को कुट्टू का आटा बेचने वाली दुकानों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
विभाग के अनुसार, पुराना, नमी वाला, बदबूदार या फफूंद लगा आटा खाने से उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए दुकानदारों को केवल विश्वसनीय विक्रेताओं से आटा खरीदने और पैकेट पर पैकिंग की तारीख, उपयोग की अंतिम तारीख तथा लाइसेंस नंबर जांचने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सीलबंद पैकेट खरीदें और आटे का रंग बदला हुआ हो, उसमें गांठें, कीड़े या असामान्य गंध हो तो उसका इस्तेमाल न करें। व्रत का भोजन अच्छी तरह पकाकर खाएं। खाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।


