मंत्री श्रुति चौधरी ने 10 योजनाओं का उद्घाटन किया, एक परियोजना की रखी नींव
हरियाणा की सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने झज्जर में करीब 37.50 करोड़ रुपये की 11 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं से जिले के कई गांवों में पानी की निकासी बेहतर होगी और खेतों में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
10 योजनाओं का उद्घाटन, एक का शिलान्यास
मंत्री ने सिंचाई विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 10 योजनाएं जनता को समर्पित कीं, जबकि एक नई परियोजना की नींव रखी। इनमें लिंक नालों का निर्माण, पंप हाउस, ट्यूबवेल और भूमिगत पाइपलाइन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इनका उद्देश्य बरसाती और बाढ़ के पानी को खेतों से बाहर निकालना है।
किसानों को मिलेगी राहत
श्रुति चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा और सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
ढाकला, चंदोल और सुर्खपुर गांवों में पानी की निकासी के लिए नाला नंबर-8 तक आरसीसी पाइपलाइन बिछाने की परियोजना का शिलान्यास किया गया। इस पर करीब 2.63 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इन योजनाओं से बेरी, बिसाहन, नीलाहेड़ी, अकेहड़ी-मदनपुर, दुबलधन और मुंडाहेड़ा समेत कई गांवों को लाभ मिलेगा। बेहतर जल निकासी से खेतों में पानी जमा होने की समस्या घटेगी और खेती को मदद मिलेगी।


