हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब के पटियाला जिले के पातड़ां में महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। युवा अग्रवाल सभा की ओर से प्राचीन शिव मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में उन्होंने लोगों को जयंती और नवरात्रों की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल अग्रवाल समाज ही नहीं, बल्कि पूरे भारतीय समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने समाज में समानता, अहिंसा और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया। उनकी ‘एक ईंट और एक सोने की मोहर’ की परंपरा का उद्देश्य नए परिवारों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता देना था।

सीएम सैनी ने कहा कि अग्रवाल समाज ने व्यापार, दान और देश की सेवा में अहम योगदान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मंत्र का उल्लेख करते हुए जीएसटी, डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं की चर्चा की।

हरियाणा के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने और 50 लाख नए रोजगार पैदा करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने लोगों से महाराजा अग्रसेन के विचारों को अपनाकर समृद्ध समाज बनाने की अपील की।

Related Posts