नई दिल्ली: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में रविवार, 11 अक्टूबर को एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने से धुआं निकलने लगा। स्थिति को देखते हुए विमान को हैदराबाद डायवर्ट कर दिया गया। विमान ने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट नंबर 6E 6115 दिल्ली से चेन्नई जा रही थी। उड़ान के दौरान यात्री के पावर बैंक में आग लग गई, जिसके कारण विमान के अंदर धुआं फैलने लगा। क्रू मेंबर्स ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाया।
इंडिगो ने अपने बयान में बताया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को हैदराबाद में सुरक्षित उतारा गया। यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई। इस दौरान यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराया गया और जरूरी जानकारियां भी दी गईं।
एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया और कहा कि यात्रियों तथा क्रू मेंबर्स की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।


