हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समाधान शिविरों में आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लें और उनका जल्द समाधान करें। उन्होंने कहा कि ये शिविर सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल हैं। अधिकारियों को लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं समझनी चाहिए, ताकि शिकायतों का दोबारा सामना न करना पड़े।
चंडीगढ़ में समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले एक साल में शिविरों में 92,848 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 55,365 का समाधान किया गया। करीब 40,000 शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर समाधान की जानकारी भी ली गई। दोबारा खोली गई 11,500 शिकायतों का भी निपटारा हुआ।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि हर शिविर में जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहें। उपायुक्त और एसडीएम स्वयं शिकायतों की समीक्षा करें। सफाई से जुड़ी समस्याओं के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और सड़कों के गड्ढे भी भरे जाएं। लापरवाही करने वाले अधिकारियों और नियमों का पालन न करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। हर जिले से नई नीतियों के लिए 10 सुझाव भी मांगे गए हैं।


