विश्व हृदय दिवस पर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने लोगों से दिल की सेहत को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि 30 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों को साल में कम से कम एक बार ब्लड प्रेशर की जांच जरूर करानी चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हाई ब्लड प्रेशर हृदय रोगों का एक प्रमुख और नियंत्रित किया जा सकने वाला जोखिम है। कई बार इसके लक्षण साफ दिखाई नहीं देते, इसलिए नियमित जांच जरूरी है। उन्होंने हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेने और बिना सलाह दवा में बदलाव नहीं करने की सलाह दी। मरीजों को नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या एनसीडी क्लिनिक में नियमित फॉलो-अप भी कराना चाहिए।

आरती सिंह राव ने कहा कि कम शारीरिक गतिविधि, बढ़ता वजन, असंतुलित खान-पान, तंबाकू, शराब और ज्यादा तनाव दिल की सेहत पर असर डाल सकते हैं। उन्होंने सप्ताह में कम से कम पांच दिन 30 से 45 मिनट व्यायाम करने, नमक कम लेने और फल-सब्जियां अधिक खाने की सलाह दी। योग और ध्यान को दिनचर्या में शामिल करना भी फायदेमंद हो सकता है।

Related Posts