पंजाब की भगवंत मान सरकार ने आशीर्वाद योजना के तहत अब तक 2.86 लाख लाभार्थियों को 1,164 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी के लिए आर्थिक मदद देना है।
सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता योजना का लाभ केवल पात्र परिवारों तक पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं में किसी भी तरह की गड़बड़ी, भ्रष्टाचार या सरकारी धन के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि अमृतसर जिले में योजना से जुड़े करीब 31.62 लाख रुपये की अनियमितता के 62 मामले सामने आए थे। इन मामलों की निष्पक्ष जांच करवाई गई और दोषी पाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है।
योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विभाग को पूरे पंजाब में जारी की गई आर्थिक सहायता का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रक्रिया का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी सहायता सही और पात्र लोगों तक पहुंचे।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि सरकारी धन जनता की भलाई के लिए है और इसमें गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।


