हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत और टीम भावना सिखाते हैं। साथ ही खेल युवाओं को नशे और दूसरी गलत आदतों से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

मंत्री ने चंडीगढ़ के सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में सातवें रामा अत्रे महिला टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन सीनियर्स महिला टीम और यूटी क्रिकेट एसोसिएशन चंडीगढ़ की महिला टीम की खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

राव नरबीर सिंह ने जे.पी. अत्रे मेमोरियल क्रिकेट सोसाइटी की ओर से करीब 30 वर्षों से क्रिकेट को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अच्छा मंच देते हैं।

उन्होंने बताया कि सोसाइटी की ओर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों, कोच और खेल से जुड़े लोगों को सम्मानित करने के साथ छात्रवृत्ति और आर्थिक मदद भी दी जा रही है।

मंत्री ने नमो क्रिकेट लीग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में उत्तरी भारत के 55 हजार से ज्यादा युवाओं ने हिस्सा लिया है, जिनमें करीब 30 हजार खिलाड़ी हरियाणा से हैं।

उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और अपने लक्ष्य पर ध्यान देने की अपील की।

Related Posts