हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दूसरे राज्यों से आने वाले धान और बाजरे पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की पूरी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदेगी और भुगतान भी समय पर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों से खरीद व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तय नियमों के अनुसार 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान की खरीद सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंडियों में निगरानी के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। ये अधिकारी मौके पर जाकर जांच कर रहे हैं। खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए मंडियों में जियो टैगिंग और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने दूसरे राज्यों से धान और बाजरा बेचने के लिए आने वाले वाहनों पर नजर रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने फसल खरीद के बाद अनाज का उठान समय पर पूरा करने को कहा। उन्होंने कैथल की मंडियों में उठान कार्य तेज करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को परेशानी न हो। चीका मंडी में धान डालने के लिए चार स्थान तय किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इस व्यवस्था का समाधान कर एक उपयुक्त स्थान निर्धारित करने को कहा।

अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश की मंडियों में बाजरे की आवक भी जारी है और किसानों को फसलों का भुगतान समय पर किया जा रहा है।

Related Posts