पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और गढ़शंकर के विधायक जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने धान खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए क्षेत्र की कई अनाज मंडियों का दौरा किया। उन्होंने रूर माजरा, समुंद्रा, पनम, गढ़शंकर, मेगोवाल, माहिलपुर और मोरांवाली मंडियों में किसानों, आढ़तियों और अधिकारियों से बातचीत की।

किसानों को परेशानी न हो, अधिकारियों को निर्देश

रौड़ी ने मंडियों में धान की आवक, खरीद, उठान, बारदाने की उपलब्धता और भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल बेचने आए किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद प्रक्रिया में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खरीदे गए धान का उठान तेज करने पर जोर

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को खरीदे गए धान का उठान तेजी से करवाने और मंडियों में फसल जमा होने से रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीद और उठान की रोजाना जानकारी देने को भी कहा।

मंडियों में जरूरी सुविधाएं देने के निर्देश

रौड़ी ने कहा कि किसानों के लिए पीने का पानी, साफ-सफाई, रोशनी और बैठने जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों से किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकारी मानकों के अनुसार सूखा और अच्छी गुणवत्ता वाला धान मंडियों में लाएं, ताकि खरीद प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठा रही है।

Related Posts