हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश की तरक्की के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। जब हर व्यक्ति यह सोचेगा कि देश के लिए उसका भी योगदान जरूरी है, तब भारत की प्रगति को कोई नहीं रोक सकेगा।
मुख्यमंत्री रविवार को चंडीगढ़ में पंचनद शोध संस्थान के 33वें वार्षिक व्याख्यान पूर्व-लोकमंथन कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम का विषय ‘हम भारत के लोग, हमारा दायित्व’ था। इस दौरान उन्होंने संस्थान को शोध कार्यों के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
अधिकारों के साथ कर्तव्य निभाना भी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग अक्सर अपने अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन कर्तव्यों पर कम चर्चा होती है। संविधान नागरिकों को अधिकार देने के साथ देश, समाज और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जिम्मेदारियां निभाने की सीख भी देता है। उन्होंने सामाजिक सद्भाव, महिलाओं के सम्मान और देश की एकता बनाए रखने पर जोर दिया।
हरियाणा के योगदान का किया जिक्र
सैनी ने कहा कि हरियाणा के जवान देश की रक्षा करते हैं, किसान खाद्यान्न उत्पादन में योगदान देते हैं और खिलाड़ी देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में अवसर देने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने पानी बचाने, बिजली की खपत घटाने, स्वच्छता बनाए रखने और सोशल मीडिया पर किसी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन और भाईचारे जैसे छोटे प्रयास भी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में पंचनद शोध संस्थान और अन्य संस्थाओं के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


