हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी (HPPC) और हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की बैठक में 231.68 करोड़ रुपये के खरीद और निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई। इनमें 76.39 करोड़ रुपये के 7 खरीद प्रस्ताव और 155.29 करोड़ रुपये के 6 निर्माण कार्य शामिल हैं। टेंडरों पर बातचीत के बाद कम दरों पर सहमति बनी।
बैठक में हरियाणा पुलिस के लिए आधुनिक फोरेंसिक उपकरण खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे साइबर अपराधों की जांच और डिजिटल सबूत जुटाने की क्षमता मजबूत होगी।
इसके अलावा NCR क्षेत्र में 10 स्थानों पर एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। इनके जरिए पीएम-2.5, पीएम-10 और CO2 के स्तर पर लगातार नजर रखी जाएगी। वाहनों की नंबर प्लेट पहचानने के लिए पेट्रोल पंपों पर 1,500 ANPR कैमरे भी लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं रखने वाले वाहनों की पहचान कर ईंधन देने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
निर्माण कार्यों में सिरसा जिला जेल में बैरक, वॉच टावर और आवास बनाने के साथ अंबाला में होम्योपैथिक कॉलेज व अस्पताल, कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर के पास विश्राम गृह, नूंह के तावड़ू में न्यायिक परिसर और जींद के मेडिकल कॉलेज में बिजली सब-स्टेशन बनाने के प्रस्ताव शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी काम तय समय में और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। गुणवत्ता से समझौता करने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई होगी।


