पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार से अपील की है कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोला जाए। उन्होंने कहा कि इससे देश-विदेश में रहने वाली संगत को पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी में आस्था रखने वाले लाखों श्रद्धालु लंबे समय से अपने बिछड़े धार्मिक स्थल के दर्शन करने की इच्छा रखते हैं। संगत लगातार अरदास कर रही है कि कॉरिडोर फिर से शुरू हो, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के गुरुद्वारा साहिब पहुंच सकें।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को सिख संगत की धार्मिक भावनाओं को समझते हुए इस दिशा में जल्द फैसला लेना चाहिए। प्रधानमंत्री को श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए करतारपुर कॉरिडोर खोलने की पहल करनी चाहिए।

भगवंत मान ने बताया कि पंजाब विधानसभा में भी संगत की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर कॉरिडोर खोलने का सकारात्मक फैसला करेगी, जिससे लाखों श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही इच्छा पूरी हो सकेगी।

Related Posts