श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित शोभा यात्रा के स्वागत और आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर आदित्य डचालवाल ने सोमवार को सिविल और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रबंधों की समीक्षा की।
यह शोभा यात्रा वाराणसी (काशी) से शुरू होकर खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी। शोभा यात्रा 2 दिसंबर 2026 को लालड़ू, डेराबस्सी और जीरकपुर के रास्ते साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद मोहाली में रात्रि ठहराव होगा और 3 दिसंबर को यह जिला रूपनगर के लिए रवाना होगी।
डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 2 दिसंबर से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि शोभा यात्रा के दौरान संगत की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी तालमेल से अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) नमन मड़कन को जिले में सिविल प्रबंधों का नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, एसडीएम डेराबस्सी अमित गुप्ता, एसडीएम मोहाली दमनदीप कौर और एसडीएम खरड़ गुरमीत सिंह अपने-अपने क्षेत्रों में प्रबंधों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
यह रहेगा शोभा यात्रा का रूट
शोभा यात्रा लालड़ू, डेराबस्सी, जीरकपुर एयरपोर्ट लाइट्स, पटियाला रोड, एयरपोर्ट चौक मोहाली, आईआईएसईआर लाइट्स, फेज-11 और फेज-9 मोहाली, गुरुद्वारा अंब साहिब, गुरुद्वारा सोहाना साहिब,

खरड़ और कुराली से होते हुए रूपनगर जिले की ओर जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित विभागों को सड़कों की मरम्मत, पेड़ों की लटकती शाखाओं की छंटाई, बिजली की ढीली तारों को ठीक करने और पूरे रास्ते में साफ-सफाई के निर्देश दिए। इसके अलावा एंबुलेंस, मेडिकल टीमें, मोबाइल शौचालय और पीने के पानी की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा के दौरान जिला कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सभी विभागों को अपनी तैयारियों की अंतिम रिपोर्ट 1 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर नमन मड़कन, एसडीएम एवं नगर निगम कमिश्नर दमनदीप कौर, सहायक कमिश्नर डॉ. अंकिता कंसल, एसपी (एच) नवरीत सिंह विर्क सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


