हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के हरियाणा स्टेट-डे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने हरियाणा पवेलियन का दौरा किया और उद्यमियों, व्यापारियों, निवेशकों तथा कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में निवेश बढ़ाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रदेश की संस्कृति और आधुनिक तकनीक का संगम हरियाणा पवेलियन में देखने को मिल रहा है। यहां 10 शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों के साथ 22 एमएसएमई ने अपने स्टॉल लगाए हैं। उन्होंने लोगों से हरियाणा के उत्पाद खरीदने की अपील की।

इस बार पवेलियन में पहली बार एक्सपोर्ट कॉर्नर बनाया गया है। इसके जरिए देश-विदेश के खरीदार सीधे हरियाणा के उत्पादकों से संपर्क कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री के अनुसार, अक्टूबर 2024 से अब तक प्रदेश को करीब 2.91 लाख करोड़ रुपये के 205 निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 97 परियोजनाएं एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साथ आगे बढ़ रही हैं।

सरकार की नई मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026 का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश लाना और 10 लाख रोजगार के अवसर पैदा करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अप्रैल 2027 में गुरुग्राम में हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित होगी। इसके साथ ही गुरुग्राम और पंचकूला में एआई हब विकसित करने तथा स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा ने 60 वर्षों में कृषि, उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर जिले तक विकास और निवेश के अवसर पहुंचाना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पैरा एथलीट प्रणव सूरमा, रिंकू, देवेंद्र और सुचिका हुड्डा को सम्मानित भी किया।

Related Posts