चंडीगढ़ में नानकसर संप्रदाय के प्रमुख बाबा लखा सिंह जी ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा पारित ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट, 2026’ की सराहना की।
बाबा लखा सिंह ने कहा कि इस कानून से सिख समुदाय की भावनाओं को सम्मान मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाओं को रोकने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने में यह कानून मददगार साबित होगा। मुलाकात के दौरान बाबा लखा सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को सिरोपा भेंट कर सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाबा लखा सिंह का आभार जताते हुए कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सम्मान, पवित्रता और मर्यादा की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार पंजाब में शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बेअदबी जैसे मामलों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कानूनी व्यवस्था हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि नया कानून भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद करेगा।


