पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने रबी सीजन 2026-27 के लिए केंद्र सरकार से खाद की पर्याप्त और समय पर सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में उन्होंने पंजाब की जरूरतों को केंद्र के सामने रखा।

मंत्री ने कहा कि गेहूं और आलू जैसी प्रमुख रबी फसलों की बुवाई के लिए पंजाब को 5.5 लाख मीट्रिक टन DAP और 15 लाख मीट्रिक टन यूरिया की जरूरत है। पिछले वर्षों में खाद की सप्लाई में देरी से किसानों को परेशानी हुई है, इसलिए इस बार पहले से व्यवस्था जरूरी है।

उन्होंने बताया कि पंजाब करीब 41 लाख हेक्टेयर खेती योग्य क्षेत्र वाला राज्य है और केंद्रीय खाद्यान्न भंडार में करीब 40 प्रतिशत गेहूं और 22 प्रतिशत धान का योगदान देता है।

खुड्डियां ने पराली प्रबंधन के लिए केंद्र से 150 करोड़ रुपये की अगली किस्त जल्द जारी करने की मांग भी की। उनके अनुसार, फसल अवशेष प्रबंधन तकनीकों से पंजाब में पराली जलाने की समस्या में करीब 90 प्रतिशत तक कमी आई है।

उन्होंने बताया कि कपास की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को बीज पर 33 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। दलहन और तिलहन की खेती बढ़ाने के लिए भी राज्य सरकार प्रोत्साहन दे रही है।

केंद्र द्वारा पंजाब के किसानों के लिए प्रमाणित गेहूं बीज पर 50 करोड़ रुपये और कृषोन्नति योजना के तहत करीब 43 करोड़ रुपये की सहायता जारी करने पर उन्होंने आभार जताया।

Related Posts