पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को विभिन्न कर्मचारी यूनियनों और संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं और मांगों पर चर्चा कर समाधान का रास्ता तलाशना रहा।
कैबिनेट सब-कमेटी के अध्यक्ष के तौर पर चीमा ने संयुक्त दिव्यांग मोर्चा पंजाब, पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स, मनरेगा कर्मचारी यूनियन और नेत्रहीन एकता पंजाब एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
सभी संगठनों ने अपनी मांगों और समस्याओं से जुड़े ज्ञापन वित्त मंत्री को सौंपे। चीमा ने प्रतिनिधियों की बातें सुनीं और संबंधित विभागों को इन मामलों की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार कर्मचारियों की जायज समस्याओं को बातचीत और सकारात्मक तरीके से हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कर्मचारी संगठनों की ओर से दिए गए मामलों की मौजूदा नियमों और नीतियों के अनुसार समीक्षा की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मामलों की जांच समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि उचित समाधान निकाला जा सके। चीमा ने कहा कि कैबिनेट सब-कमेटी आगे भी कर्मचारी संगठनों के साथ बातचीत जारी रखेगी।
सरकार का कहना है कि कर्मचारियों और विभिन्न वर्गों की वास्तविक समस्याओं को संवाद के जरिए समझकर व्यावहारिक और नियमों के अनुरूप समाधान निकालने पर जोर दिया जा रहा है।


