पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फिरोजपुर में नॉर्दर्न रेलवे के एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर को 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गि/र/फ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंकज भारद्वाज के रूप में हुई है।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी के खिलाफ फिरोजपुर निवासी हरदीप सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपनी जरूरत के लिए अपने परिचित अमित कुमार को कुछ पैसे दिए थे। अमित कुमार रेलवे कर्मचारी है। पैसे वापस नहीं मिलने पर हरदीप सिंह ने रकम की वसूली के लिए अदालत में सिविल केस दायर किया था।
मामले की सुनवाई के बाद फिरोजपुर की अदालत ने रेलवे विभाग को आदेश दिया था कि अमित कुमार के वेतन का एक-तिहाई हिस्सा काटकर शिकायतकर्ता हरदीप सिंह को दिया जाए। आरोप है कि इस अदालती आदेश को लागू करने के लिए सीनियर सेक्शन इंजीनियर पंकज भारद्वाज ने हरदीप सिंह से 40,000 रुपये रिश्वत मांगी।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो की फिरोजपुर टीम से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को 40,000 रुपये लेते हुए गि/र/फ्तार कर लिया।
विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


